पुलिस आयुक्त गुरुग्राम के निर्देश और पुलिस उपायुक्त पश्चिम के मार्गदर्शन में दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध रूप से कूड़ा-कचरा लाने और इससे जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर कार्रवाई की। इस मामले में कुल 4 अभियोग दर्ज किए गए हैं। इनमें बजघेड़ा थाना क्षेत्र में 2, उद्योग विहार थाना क्षेत्र में 1 और राजेन्द्रा पार्क थाना क्षेत्र में 1 मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी दिल्ली से कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम में लाकर डालने का काम कर रहे थे। शुरुआती पूछताछ में एक ऐसे नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसके जरिए दिल्ली से कचरा गुरुग्राम लाया जाता था। गुरुग्राम में पहुंचने के बाद कचरे से प्लास्टिक को अलग कर उसकी सेग्रीगेशन की जाती थी और इसके बाद उसे आगे दूसरे स्थानों पर भेजे जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर कूड़ा लाने वाले अन्य लोगों, वाहन मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और प्लास्टिक सेग्रीगेशन से जुड़े लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।
पुलिस ने साफ किया है कि बरामद वाहनों के मालिकों और ट्रांसपोर्टरों की भी जांच की जा रही है। अगर जांच में किसी वाहन मालिक या ट्रांसपोर्टर की इस अवैध गतिविधि में संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध रूप से कूड़ा-कचरा लाने वाले पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।






