Gurugram- सेक्टर-38 मार्केट में पुरानी रंजिश के चलते गाड़ी चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद की है।मामला 18 सितंबर का है। शिकायतकर्ता हिमांशु के मुताबिक, वह अपने दोस्त गौरव और अन्य दोस्तों के साथ सेक्टर-38 मार्केट में मौजूद था। इसी दौरान सुदेश उर्फ सूरज और राहुल बलेनो कार में वहां पहुंचे।
शिकायत के अनुसार, दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों को कार से टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके साथ ही फोन पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।घटना के संबंध में हिमांशु ने 20 सितंबर को पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना सदर गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले में कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने 26 सितंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुदेश उर्फ सूरज निवासी गांव ढाणी शोभा, जिला रेवाड़ी और राहुल निवासी गांव मऊ, पटौदी, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी सुदेश उर्फ सूरज को गांव ढाणी शोभा, जिला रेवाड़ी से, जबकि आरोपी राहुल को सेक्टर-37, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुदेश उर्फ सूरज की शिकायतकर्ता के दोस्त और साले के साथ पुरानी रंजिश थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने राहुल की बलेनो कार का इस्तेमाल कर शिकायतकर्ता और उसके साथियों को गाड़ी से टक्कर मारने का प्रयास किया।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक बलेनो कार बरामद कर ली है।
दोनों आरोपियों को 27 सितंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






