Gurugram- वर्ष 2025 में 21 वर्षीय युवक प्रणव कुमार की गला दबाकर हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद आरोपी नेपाल भाग गया था।मामला 16 और 17 फरवरी 2025 की रात का है। गुरुग्राम की पुलिस चौकी एसपीआर में सूचना मिली थी कि गांव बेगमपुर खटोला जाने वाले रोड पर एक कंपनी के पीछे सुनसान जगह पर एक युवक का शव पड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वाड की टीमों से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवाया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी जुटाने के बाद मृतक की पहचान 21 वर्षीय प्रणव कुमार, निवासी भहरी बाधनाह, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई।

इसके बाद 19 फरवरी 2025 को मृतक के पिता ने पुलिस को शिकायत दी। उन्होंने बताया कि प्रणव गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता था और अपने दो साथियों के साथ किराए पर रहता था। शिकायत के मुताबिक, 15 फरवरी को प्रणव ने फोन पर खर्च के पैसों के बंटवारे को लेकर रूममेट्स से विवाद होने की बात बताई थी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना बादशाहपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-40 और पुलिस चौकी एसपीआर की संयुक्त टीम ने 22 फरवरी 2025 को चार आरोपियों को बहरामपुर रोड से गिरफ्तार किया। इनकी पहचान रोहित, सतीश, विजय कुमार और बृजेश कुमार के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ के अनुसार, प्रणव आरोपी रोहित के मकान में किराए पर रहता था। घटना वाली रात रोहित ने देखा कि कमरे में प्रणव मृत अवस्था में पड़ा था। पुलिस के अनुसार, रोहित को डर था कि प्रणव की आईडी उसके पास नहीं होने के कारण पुलिस उससे पूछताछ करेगी। इसके बाद उसने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर शव को गाड़ी में रखा और सुनसान जगह पर फेंक दिया।

अब मामले में नया खुलासा

16 सितंबर 2026 के फॉलोअप के अनुसार, थाना बादशाहपुर और अपराध शाखा मानेसर की संयुक्त पुलिस टीम ने मामले में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिमन्यु यादव को 15 सितंबर 2026 को लौकहा बाजार बॉर्डर, बिहार से गिरफ्तार किया।आरोपी की पहचान 22 वर्षीय अभिमन्यु यादव, निवासी नवतोल, जिला मधुबनी, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभिमन्यु ने बताया कि शराब के पैसों के बंटवारे को लेकर उसकी और प्रणव की कहासुनी हुई थी। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के दौरान आरोपी ने प्रणव का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी नेपाल चला गया था और लंबे समय से फरार चल रहा था।

अब आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और अभियोग अभी अनुसंधानाधीन है।