Gurugram-गुरुग्राम में हथियार के बल पर करीब 25 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने मामले में 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के शिवहर जिले के गांव पुरनिया निवासी समीर आलम के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अप्रैल 2026 को एक फिनटेक कंपनी की पदाधिकारी की ओर से थाना सदर गुरुग्राम में शिकायत दी गई थी। शिकायत में बताया गया था कि कंपनी के कलेक्शन मैनेजर से सेक्टर-47 स्थित पार्क अस्पताल के पास बाइक सवार तीन बदमाश हथियार के बल पर करीब 25 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में अलग-अलग टीमें लगाई गईं। इसी कार्रवाई के तहत अपराध शाखा सेक्टर-31 की पुलिस टीम ने 23 सितंबर 2026 को मुंबई से 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी समीर आलम को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक, एक पिस्टल, 10 लाख 52 हजार रुपये की नकदी और करीब एक लाख रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन बरामद किया जा चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी समीर आलम से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।






