Gurugram- मानेसर में अवैध अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम मानेसर और पुलिस की टीम पर पथराव और सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।यह कार्रवाई गांव बास कुसला की शंकर की ढाणी में अवैध कपड़ों, सब्जी और मीट की मार्केट हटाने के दौरान हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पथराव में पुलिसकर्मी और नगर निगम के कर्मचारी भी घायल हुए थे।
मामला 3 सितंबर 2026 का है। नगर निगम मानेसर की टीम पुलिस फोर्स के साथ गांव बास कुसला स्थित शंकर की ढाणी में अवैध मार्केट और मंडी हटाने के लिए पहुंची थी।नगर निगम की टीम द्वारा अवैध कपड़ों, सब्जी और मीट की मार्केट को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई शुरुआत में शांतिपूर्वक चल रही थी।इसी दौरान कुछ लोगों ने वहां मौजूद अन्य लोगों को भड़काना शुरू कर दिया। इसके बाद भीड़ की ओर से पुलिस और नगर निगम की टीम पर पथराव किया गया।
पुलिस के मुताबिक, पथराव के दौरान सरकारी वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। इस घटना में पुलिसकर्मी और नगर निगम के कर्मचारी घायल हुए।घटना के बाद नगर निगम मानेसर की शिकायत पर थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
मामले में थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 सितंबर 2026 को बास कुसला, गुरुग्राम से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधेश्याम, निवासी सनोली, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शंकर की ढाणी, मानेसर :प्रकाश, निवासी माधोपुर, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गांव भांगरोला, गुरुग्राम:सूरजपाल, निवासी कासमपुर, जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी गांव काकरोला, गुरुग्राम।और विवेक, निवासी तिहरा हेदरपुर, जिला बलिया, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शंकर की ढाणी, मानेसर, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम और पुलिस टीम पर पथराव किया तथा सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।






