Gurugram- गुरुग्राम में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के साथ मारपीट करने और उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ने का मामला सामने आया है। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने करीब 8 से 10 दिन पहले हुए विवाद का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 8 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच वह अपनी दोस्त के साथ गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-2 मार्केट में गया था। जब वह अपनी गाड़ी में बैठा हुआ था, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और उसके साथ मारपीट की।
इस मामले में शिकायत मिलने के बाद थाना सिविल लाइन, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच और कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जतिन (32 वर्ष), जितेंद्र (29 वर्ष) और चैतन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से जिला भिवानी के गांव लहराना के निवासी हैं और फिलहाल गुरुग्राम की ओल्ड डीएलएफ कॉलोनी, सेक्टर-14 में रह रहे हैं। वहीं, चौथे आरोपी की पहचान रोहित (25 वर्ष), निवासी राजीव नगर, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच करीब 8 से 10 दिन पहले सेक्टर-14 मार्केट में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, इसी पुराने विवाद के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर सेक्टर-15 पार्ट-2 मार्केट में युवक के साथ मारपीट की और उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले का अनुसंधान जारी है।






