Gurugram- शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पश्चिम पुलिस जोन की टीमों ने खुले और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कुल 71 व्यक्तियों को काबू किया है। इन सभी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी निवारक कानूनी कार्रवाई की गई है।


पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस उपायुक्त पश्चिम वाई वी आर शशी शेखर के स्पष्ट निर्देशों के तहत मंगलवार को पूरे पश्चिम जोन में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण और आम जनता, विशेषकर महिलाओं व बच्चों के लिए सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाना था। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन गश्त और चेकिंग की। इस दौरान पार्कों, पार्किंग स्थलों, सड़कों के किनारे, बाज़ारों के आसपास और अन्य खुले सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पी रहे 71 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा गया। सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था भंग करने के कारण इन सभी के खिलाफ कार्रवाई की गई।


हिरासत में लिए गए सभी 71 व्यक्तियों के विरुद्ध नए आपराधिक कानून भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 172(2) के तहत कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई गई और निवारक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुले में शराब पीने से न केवल माहौल खराब होता है, बल्कि अपराध पनपने की संभावना भी बढ़ जाती है। गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंगबाजी करने, नशाखोरी करने और कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह के सरप्राइज जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।