Gurugram- न्यू कॉलोनी इलाके में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के घर में घुसकर उसका गला दबाकर हत्या की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी महिला की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय सूरज गुप्ता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के मदनपुरी इलाके में रह रहा था।

दरअसल, 4 अक्टूबर की शाम न्यू कॉलोनी में मदर डेयरी के पास मकान नंबर 180-B में रहने वाली मधु शर्मा घर पर मृत मिली थीं। मधु शर्मा कई वर्षों से घर में अकेली रह रही थीं। वह दिल्ली से टीचर के पद से रिटायर्ड थीं। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 8:15 बजे पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी बालकनी से देखा कि एक युवक मधु शर्मा के घर के सामने घूम रहा था। कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद युवक घर के अंदर चला गया। इसी दौरान घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसी को अनहोनी की आशंका हुई तो उसने अपने पिता और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को भी सूचना दी।

इसके बाद करीब 5-6 लोग मधु शर्मा के घर के अंदर पहुंचे। लोगों को देखकर युवक घर के पीछे पेड़ों की तरफ भागकर छिप गया। अंधेरा होने के कारण वह उस समय दिखाई नहीं दिया। अंदर जाकर देखा गया तो मधु शर्मा कमरे के दरवाजे के पास जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। सूचना मिलते ही न्यू कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL, सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

शुरुआती जांच के दौरान पड़ोसियों के शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया था। उस समय पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई आगे बढ़ाई।

न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 अक्टूबर को आरोपी सूरज गुप्ता को प्रताप नगर स्थित लक्ष्मी बाजार पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी मकान निर्माण के दौरान सरिया का ढांचा तैयार करने का काम करता है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के घर में घुसकर उसका गला दबाया और उसकी हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।