BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/City/मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 770 किलो पनीर बरामद
property

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 770 किलो पनीर बरामद

SM

Sahil Manchanda

Published on Oct 14, 2026 • 3 min read

मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई, 770 किलो पनीर बरामद

Gurugram- त्योहारों के सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान एक पिकअप गाड़ी से करीब 770 किलोग्राम पनीर बरामद किया गया। मौके पर जांच के दौरान इसमें से करीब 150 किलो पनीर खराब हालत में मिला, जिसे जमीन में दबा दिया गया। वहीं, पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके अलावा जाटौली मंडी में कई दुकानों से सैंपल लिए गए, जबकि पटौदी की एक निजी डेयरी पर भी छापेमारी की गई।


पिकअप गाड़ी में ले जाया जा रहा था पनीर


जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता गुरुग्राम की टीम ने एसआई सतबीर सिंह और एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। जांच के दौरान एक पिकअप गाड़ी को रुकवाया गया, जिसमें पनीर ले जाया जा रहा था। गाड़ी की जांच करने पर करीब 770 किलो पनीर मिला।


इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने गाड़ी चालक करीम से पनीर के स्रोत और उसे कहां ले जाया जा रहा था, इस संबंध में पूछताछ की। टीम ने पनीर के नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की।


150 किलो पनीर खराब हालत में मिला


property

कार्रवाई के दौरान बरामद पनीर में से करीब 150 किलो पनीर खराब हालत में पाया गया। इसे जमीन में दबा दिया गया। वहीं, शेष पनीर के नमूने लेकर उसकी गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।


जाटौली मंडी में दुकानों से लिए सैंपल, पटौदी की डेयरी पर छापा


पिकअप गाड़ी में पनीर मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जाटौली मंडी की कई दुकानों से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इसके अलावा पटौदी में एक निजी डेयरी पर छापेमारी की गई। अचानक हुई कार्रवाई और सैंपलिंग की खबर बाजार में फैलते ही हलचल मच गई। बताया गया कि कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए।


त्योहारों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई जारी


त्योहारों के दौरान दूध, पनीर और मिठाइयों जैसे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण हो जाता है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल, बरामद पनीर के नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के आधार पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsCrimePaneersiezedCmflying
property

More from City