Gurugram- गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया। गुरुग्राम के जिला कार्यालय गुरु कमल में भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्वलित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई। भाजपा की ओर से बताया गया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर दीप प्रज्वलित करना उनके प्रति शुभकामनाओं और मंगलकामनाओं की अभिव्यक्ति है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के साथ देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य के लिए भी प्रार्थना करने की बात कही।
सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि भाजपा के अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, जनकल्याण और समाज के प्रति दायित्व की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा और समाजहित से जुड़े कार्यों के माध्यम से इस संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ सिर्फ दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु के साथ देश की निरंतर प्रगति की मंगलकामना का प्रतीक है।कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी दीप प्रज्वलित किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।






