Gurugram- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को गुरुग्राम में ‘विकसित भारत संकल्प ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किया गया। गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और हजारों युवा मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लाइव सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशवासियों को संबोधित किया और सेवा, सुशासन, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी का आह्वान किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का स्वर्णिम और युगांतकारी अध्याय है।

अमित शाह ने कहा कि इन 25 वर्षों में नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार देश और करोड़ों नागरिकों की सेवा की है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। एक गरीब परिवार में जन्मे व्यक्ति ने अपनी क्षमता और प्रतिभा के बल पर करोड़ों लोगों को साथ लेकर 25 वर्षों तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के ये 25 वर्ष इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किए जाएंगे। उनके नेतृत्व में पिछले 25 वर्षों के दौरान देश ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। अमित शाह ने अपने संबोधन में गरीबी उन्मूलन, सुरक्षित भारत, अनुच्छेद 370 हटाने, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के निर्माण तथा देश के बुनियादी ढांचे के विस्तार जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की दिशा में किए गए प्रयासों से करीब 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों को गरीब कल्याण, भारत के गौरव और राष्ट्र की प्रगति के 25 वर्ष बताया। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा और उपलब्धियों के 25 वर्षों को यादगार बनाने के लिए ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया है। इस यात्रा का उद्देश्य देश के विकास और प्रधानमंत्री के सेवा-समर्पण के 25 वर्षों को जनभागीदारी के माध्यम से याद करना है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम के प्रमुख मार्गों से पैदल यात्रा की और सिग्नेचर टावर के पास यात्रा की मशाल स्थापित की। मुख्यमंत्री ने मशाल युवाओं को सौंपते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। यात्रा का शुभारंभ विकसित भारत सभा से हुआ, जिसमें हजारों युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश और प्रदेश का विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब प्रत्येक व्यक्ति तक बेहतर सुविधाएं पहुंचें और लोगों का जीवन सुखी, समृद्ध और समस्यामुक्त बने।





