Gurugram- विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत देशभर में निकाली जा रही सेवा ज्योति यात्रा 7 अक्टूबर को गुरुग्राम पहुंचेगी। यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने का समय सुबह 9 बजे निर्धारित किया गया है। गुरुग्राम पहुंचने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सेवा ज्योति यात्रा का स्वागत करेंगे।
सेवा ज्योति यात्रा के गुरुग्राम आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के भव्य और ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियों को लेकर भाजपा गुरुग्राम जिला कार्यालय गुरु कमल में एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने की, जबकि भाजपा हरियाणा की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने बैठक में विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया।

बैठक में केंद्रीय मंत्री एवं गुरुग्राम के सांसद राव इंद्रजीत सिंह, हरियाणा भाजपा के संगठन महामंत्री पवन राणा, पार्लियामेंट्री बोर्ड सदस्य डॉ. सुधा यादव, प्रदेश महामंत्री सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, सीनियर डिप्टी मेयर धर्मवीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, जिला प्रभारी संदीप जोशी, गुरुग्राम महानगर प्रभारी राजकुमार बोहरा, गुरुग्राम महानगर जिलाध्यक्ष अजीत यादव, गुरुग्राम जिला महामंत्री मनीष सैदपुर सहित दोनों संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, चेयरमैन, पार्षद और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में सेवा ज्योति यात्रा के स्वागत, यात्रा के रूट, कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की भागीदारी, संख्या प्रबंधन और सुरक्षा एवं व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा केवल एक यात्रा नहीं है, बल्कि सेवा, संकल्प और विकसित भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है और सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से सेवा और संकल्प की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि 7 अक्टूबर को गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा का भव्य स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी वर्चुअल माध्यम से इस यात्रा और कार्यक्रम से जुड़ेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम के लिए यह गौरव का विषय है कि सेवा ज्योति यात्रा का स्वागत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से इस अवसर को यादगार बनाने की अपील की।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को गुरुग्राम की चारों विधानसभा क्षेत्रों में पूरे उत्साह के साथ पहुंचाया जाए और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं तथा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने का आह्वान किया।

बैठक में सेवा ज्योति यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने के बाद इसे जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाने की जिम्मेदारियां भी तय की गईं।गुरुग्राम विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी विधायक मुकेश शर्मा को दी गई है। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक एवं प्रदेश कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह यात्रा के स्वागत और कार्यक्रम की जिम्मेदारी संभालेंगे। पटौदी विधानसभा क्षेत्र में विधायक विमला चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं सोहना विधानसभा क्षेत्र में विधायक तेजपाल तंवर यात्रा के स्वागत, कार्यक्रम की रूपरेखा और संख्या प्रबंधन से जुड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके अलावा सेवा ज्योति यात्रा के प्रदेश संयोजक के रूप में हरियाणा भाजपा के प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला पूरे आयोजन के प्रदेश स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे।

भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभानी होगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के दोनों संगठनात्मक जिलों के कार्यकर्ता मिलकर इस कार्यक्रम को भव्य, अनुशासित और प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संकल्पबद्ध है और सेवा ज्योति यात्रा इसी संकल्प को और मजबूती देने का माध्यम बनेगी।
बैठक के दौरान यात्रा के स्वागत स्थल, रूट, चारों विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, संख्या प्रबंधन और आपसी समन्वय को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
भाजपा की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, मोर्चा एवं मंडल अध्यक्षों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि 7 अक्टूबर को गुरुग्राम में सेवा ज्योति यात्रा के स्वागत को भव्य और यादगार आयोजन बनाया जाए।
सेवा ज्योति यात्रा के गुरुग्राम पहुंचने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा इसके स्वागत के पश्चात सेवा ज्योति को जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाया जाएगा। इस दौरान संगठन की ओर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारियां की जा रही हैं।





