Gurugram- नाथूपुर सब्जी मंडी के नजदीक मंगलवार दोपहर उस वक्त लोगों में अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे बने एक ATM बूथ से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में बूथ के अंदर आग की लपटें दिखाई देने लगीं।आग देखकर आसपास मौजूद दुकानदारों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सेक्टर-29 फायर स्टेशन से दमकल टीम को मौके पर भेजा गया। दमकलकर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले आसपास की बिजली सप्लाई बंद कराई गई। इसके बाद दमकल की टीम ने पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित किया। करीब 30 मिनट की कार्रवाई के बाद आग पूरी तरह बुझा दी गई।

इस घटना में हिताची कंपनी का ATM और बूथ के अंदर रखा सामान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस मशीन में आग लगी उसमें नकदी भी मौजूद थी। हालांकि कितनी रकम आग की चपेट में आई है, फिलहाल इसका आंकड़ा सामने नहीं आया है।

बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले ही ATM में कैश डाला गया था। इसी वजह से अब पुलिस और संबंधित कंपनी के अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि हादसे के वक्त मशीन में कुल कितनी नकदी मौजूद थी और आग से कितना आर्थिक नुकसान हुआ।दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि अभी इसे अंतिम कारण नहीं माना गया है और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।

डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने ATM संचालित करने वाली कंपनी और संबंधित बैंक को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस का कहना है कि मौके की जांच और संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद आग लगने की वास्तविक वजह और नुकसान का आकलन किया जाएगा। अगर जांच के दौरान किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।