गुरुग्राम में बाइक पर 113 चालान, ₹10.68 लाख जुर्माना; ट्रैफिक पुलिस ने किया इंपाउंड
SM
Sahil Manchanda
Published on Sep 16, 2026 • 2 min read
गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान एक बाइक पर 113 लंबित चालान मिले, जिनकी कुल जुर्माना राशि ₹10.68 लाख है। पुलिस ने बाइक को इंपाउंड किया।
Gurugram- गुरुग्राम में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत गुरुग्राम यातायात पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया है। जांच में इस मोटरसाइकिल पर एक लाख नहीं, बल्कि 10 लाख 68 हजार 500 रुपये की जुर्माना राशि के कुल 113 लंबित चालान पाए गए।
दरअसल, 16 सितंबर 2026 को गुरुग्राम यातायात पुलिस की टीम द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। MDI चौक पर तैनात जोनल अधिकारी ASI प्रवीण कुमार अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे।इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोककर चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने के लिए कहा। लेकिन चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल की जांच की तो सामने आया कि वाहन पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 113 चालान लंबित हैं।
इन 113 लंबित चालानों की कुल जुर्माना राशि 10 लाख 68 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, इनमें अधिकांश चालान बिना हेलमेट, बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र, बिना इंश्योरेंस और यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों से संबंधित हैं। इतनी बड़ी संख्या में लंबित चालान पाए जाने के बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया। गुरुग्राम यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को लगातार जागरूक भी किया जा रहा है कि वे अपने लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें।
पुलिस ने वाहन चालकों से वैध इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की अपील की है। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई है, ताकि वाहन चालक खुद भी सुरक्षित रहें और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और लंबे समय से चालान लंबित रखने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsPoliceGurgaonpoliceGurugrampoliceChallanTrafficpolice