Gurugram- गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाहरपुर रूपा इलाके में कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी द्वारा करीब 150 वर्ग गज जमीन पर बनाए गए अवैध मकान को भारी मशीनरी की मदद से ध्वस्त कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, गैंगस्टर कौशल चौधरी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत संगीन अपराधों से जुड़े छह दर्जन से अधिक मामले गुरुग्राम में दर्ज हैं।जांच के अनुसार, कौशल चौधरी ने जमीन पर अवैध कब्जा कर करीब 150 वर्ग गज में मकान का निर्माण कराया था। पुलिस का कहना है कि इस मकान का इस्तेमाल संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन और विस्तार के लिए किया जाता था।

पुलिस के मुताबिक, मकान को किराये पर देकर उससे अवैध रूप से किराया भी वसूला जा रहा था और इस संपत्ति का इस्तेमाल अपराध से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।इस कार्रवाई को गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा मानेसर ने संबंधित विभागों के समन्वय से अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस की कड़ी निगरानी में अवैध निर्माण को हटाया गया और मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ खुफिया सूचनाओं के आधार पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य अवैध कब्जों और अपराध से जुड़ी संपत्तियों पर कार्रवाई करना तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है।