Gurugram- गुरुग्राम में एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14.83 ग्राम एमडीएमए के साथ अफ्रीका मूल के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स सेल यानी ANC सिकंदरपुर, गुरुग्राम की टीम ने फुटप्रिंट, मेफील्ड गार्डन, सेक्टर-51 के पास कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध मादक पदार्थ के साथ पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय एनो शेड्रैक विचू के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से सिटी लिम्बे, कैमरून का रहने वाला है और वर्तमान में साकेत, दिल्ली में रह रहा था।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14.83 ग्राम एमडीएमए बरामद किया है। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-50, गुरुग्राम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी साल 2022 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद किए गए मादक पदार्थ को दिल्ली से लेकर आया था और इसे गुरुग्राम में सप्लाई करने की तैयारी में था। हालांकि, सप्लाई से पहले ही गुरुग्राम पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी के वीजा और भारत में उसके रहने से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।