Gurugram- सेक्टर-56 थाना क्षेत्र में सड़क पर कार को टक्कर मारने के बाद रास्ता रोककर अभद्रता और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने पहले एक कार को साइड से टक्कर मारी और फिर लोहे की रॉड से कार की लाइट का शीशा तोड़ दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामला एआईटी चौक के पास का है। सेक्टर-55 निवासी पूजा वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 27 अगस्त को वह अपनी स्विफ्ट कार से सेक्टर-54 मेट्रो स्टेशन की तरफ जा रही थीं।
शिकायत के मुताबिक, एआईटी चौक के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो के चालक ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी।टक्कर के बाद जब पीड़िता ने आगे बढ़ने की कोशिश की तो आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने अपनी गाड़ी आगे लगाकर उनकी कार का रास्ता रोक लिया।

इसके बाद आरोपी चालक ने कथित तौर पर पीड़िता के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। आरोप है कि विवाद के दौरान स्कॉर्पियो चालक अपनी गाड़ी से लोहे की रॉड निकालकर लाया और पूजा की कार की लाइट का शीशा तोड़ दिया।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।

शिकायत मिलने पर सेक्टर-56 थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।अब पुलिस स्कॉर्पियो चालक की पहचान करने के साथ-साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी चालक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच जारी है।