Gurugram- यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से 19 से 25 सितंबर तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 396 चालकों के चालान किए गए, जबकि नौ वाहनों को इंपाउंड किया गया।
पुलिस ने अभियान के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें चिन्हित स्थानों पर तैनात किया था। टीमों ने रात के समय नाके लगाकर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते मिले चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में चालान के साथ संबंधित चालक का ड्राइविंग लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित किया जाता है। इस अवधि में चालक किसी भी वाहन को नहीं चला सकता।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक अभियान का उद्देश्य नशे में वाहन चलाने वालों पर रोक लगाना और सडक़ पर यातायात को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाना है। पुलिस की ओर से रात के समय ऐसे विशेष नाके आगे भी लगाए जाएंगे। गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार का नशा करने के बाद वाहन न चलाएं और यातायात के सभी नियमों का पालन करें।






