गुरुग्राम में शिकायत निस्तारण को लेकर CM सैनी के सख्त निर्देश, बोले- नागरिक की संतुष्टि के बाद ही माना जाएगा समाधान
SM
Sahil Manchanda
Published on Oct 2, 2026 • 2 min read
गुरुग्राम में CM नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। बोले- नागरिक की संतुष्टि के बाद ही शिकायत का निस्तारण माना जाएगा।
Gurugram- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी शिकायत की फाइल बंद कर देना ही निस्तारण नहीं है। समस्या की जानकारी, उसका समाधान और फिर संबंधित नागरिक से पुष्टि—इन तीन चरणों के बाद ही शिकायत का वास्तविक निस्तारण माना जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नागरिकों की समस्याओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और कई मामलों में वे स्वयं भी नागरिकों से फीडबैक लेते हैं। यदि अधिकारी शिकायत के समाधान की रिपोर्ट दे चुके हैं, लेकिन नागरिक संतुष्ट नहीं है, तो ऐसे मामलों की दोबारा जांच की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे आर्थिक और औद्योगिक रूप से महत्वपूर्ण शहर में प्रशासन को प्रो-एक्टिव तरीके से काम करना होगा। अधिकारियों की ग्राउंड परफॉर्मेंस को भी उनकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट यानी एसीआर में दर्ज किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम में बिल्डर द्वारा एसटीपी का उचित संचालन नहीं किए जाने से जुड़े एक मामले में लापरवाही बरतने वाले हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
69.585 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन
गुरुग्राम की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ककरोई हेड से बसई जल शोधन संयंत्र तक 69.585 किलोमीटर लंबी भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन बिछाई जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार 1,993.59 करोड़ रुपये की इस परियोजना का शिलान्यास जनवरी में होगा और इसे 30 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।
दिल्ली से कूड़ा लाने वाले वाहनों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा डालने के लिए आने वाले वाहनों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। ऐसे वाहनों को जब्त करने के साथ भारी जुर्माना लगाने की बात कही गई है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की स्वच्छता और पर्यावरण के साथ समझौता नहीं किया जाएगा।
इसके अलावा गुरुग्राम में रेडी मिक्स कंक्रीट यानी आरएमसी के लिए जोनवार व्यवस्था विकसित करने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैठक में लिए गए फैसलों का उद्देश्य केवल घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका असर जमीन पर दिखाई देना है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsMeetingCmsainiNayabsainiChiefministerHaryanagovernment