Gurugram- गोल्फ कोर्स रोड पर रविवार सुबह महिला बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौधरी को टक्कर मारकर फरार होने के मामले में गिरफ्तार आरोपी कल्याण बैंसला को पुलिस ने आज अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

अदालत में कल्याण बैंसला की तरफ से उनके अधिवक्ता पेश हुए। बचाव पक्ष के वकील ने पुलिस रिमांड का विरोध करते हुए दलील दी कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के पास पर्याप्त समय था और इस दौरान उससे पूछताछ की जा चुकी है। इसके अलावा जिस गाड़ी से हादसा हुआ, उसे पुलिस पहले ही कब्जे में ले चुकी है। ऐसे में अब पुलिस रिमांड की जरूरत नहीं है।

वहीं, पुलिस की तरफ से अदालत में कहा गया कि आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएट कराना है और मामले से जुड़े कुछ अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ भी करनी है। पुलिस की दलील सुनने के बाद अदालत ने आरोपी का दो दिन का रिमांड मंजूर कर दिया।

इस मामले की जांच के लिए पुलिस कमिश्नर शिवास कबिराज के निर्देश पर स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी SIT का गठन किया गया है।SIT की अगुवाई ACP CAW सुशीला देवी करेंगी। टीम में सेक्टर-56 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज यादव, CIA सोहना इंचार्ज SI विनय और दो ASI को शामिल किया गया है।

आपको बता दें कि गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया उर्फ शिवानी चौधरी को एक कार सवार ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।मौके पर मौजूद कुछ अन्य बाइक राइडरों ने कार सवार को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कार सवार नहीं रुका। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो पीड़िता और अन्य बाइक राइडरों के हेलमेट कैमरों में रिकॉर्ड हो गया था।वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और स्वतः संज्ञान के आधार पर केस दर्ज किया।

इसके बाद हरियाणा महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया और पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए वायरल वीडियो का विश्लेषण किया और मामले में हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं भी जोड़ीं।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमों ने आरोपी कल्याण बैंसला के पलवल स्थित घर समेत उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की।पलवल पहुंची पुलिस टीम को जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी के दो दोस्तों ने उसे फरार होने में मदद की थी। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच और तेज कर दी।लगातार तलाश के बाद पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने मौके से दोबारा फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। इस दौरान आरोपी के हाथ में भी चोट लगी।इसके बाद आरोपी को गुरुग्राम लाया गया और अब अदालत में पेश करने के बाद उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ करेगी और घटनास्थल पर सीन रीक्रिएट कराने के साथ मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।