Gurugram- गुरुग्राम पुलिस ने सुदर्शन माता मंदिर में हुई चोरी की वारदात का महज 6 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 4.786 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 34 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, चोरी किया गया 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

मामला न्यू कॉलोनी चौक के पास राजमहल होटल के नजदीक स्थित सुदर्शन माता मंदिर का है। 30 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे मंदिर के पुजारी ने मंदिर कमेटी के एक सदस्य को फोन कर चोरी होने की सूचना दी।सूचना मिलने के बाद मंदिर कमेटी के सदस्य मौके पर पहुंचे तो मंदिर से कई कीमती सामान गायब मिले। इनमें हनुमान जी का चांदी का छत्र, माता रानी के कानों के कुंडल, मुकुट में लगा चक्र और अन्य चांदी के आभूषण शामिल थे। इसके अलावा मंदिर का दानपात्र भी चोरी मिला।

मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शिकायत के आधार पर थाना शहर, गुरुग्राम में BNS की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।चोरी की वारदात को सुलझाने के लिए पुलिस टीम ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया।

जांच के दौरान ASI संजय, HC कुलदीप, HC सोनू और सिपाही संजय ने CCTV फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया। इसी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान 53 वर्षीय रोहताश, निवासी गांव चुलियाना, जिला रोहतक के रूप में की।

आरोपी की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे 30 सितंबर को उसके गांव चुलियाना, जिला रोहतक से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए 4.786 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 34 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी करीब 12 साल तक इसी मंदिर में सुरक्षाकर्मी के तौर पर काम कर चुका था। करीब दो महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। मंदिर में लंबे समय तक काम करने के कारण उसे मंदिर की व्यवस्था और वहां रखे चांदी के आभूषणों के बारे में अच्छी जानकारी थी।

पुलिस के मुताबिक, मंदिर में भगवान की मूर्तियों पर बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण देखकर आरोपी के मन में लालच आया और उसने रात के समय मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और अभियोग का अनुसंधान जारी है।