Gurugram- सरस्वती एनक्लेव इलाके में सुबह के समय चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। सेक्टर-10 थाना पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

दरअसल, 1 अक्टूबर को एक व्यक्ति अपने गांव से सरस्वती एनक्लेव आया था। सुबह करीब 5 बजे जब वह पटौदी रोड पर उतरकर सरस्वती एनक्लेव के एफ-ब्लॉक स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा, तभी पीछे से कुछ युवक उसके पास आए। आरोप है कि युवकों ने चाकू दिखाकर उसके साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन, 850 रुपये की नकदी और बैग लूटकर मौके से फरार हो गए।

वारदात के बाद पीड़ित ने सेक्टर-10 थाना पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं, वारदात से जुड़ा CCTV वीडियो भी सामने आया, जिसमें कुछ युवक घटनास्थल के आसपास दिखाई दे रहे हैं।मामले की जांच के दौरान सेक्टर-10 थाना पुलिस की टीम ने 3 अक्टूबर को रामपुरा चौक के पास नेशनल हाईवे-48 से एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है। प्रिंस मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के दरौली गांव का रहने वाला है और फिलहाल सरस्वती एनक्लेव में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। 

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीड़ित से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। अब मामले में आगे की जांच की जा रही है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इससे पहले इस तरह की किसी अन्य वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।