Gurugram- सार्वजनिक स्थान पर शराब के नशे में हंगामा और गाली-गलौज करने के मामले में उद्योग विहार थाना पुलिस ने दो युवकों को काबू किया है। आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में फेज-3 स्थित रोल्टा कंपनी के पास सड़क पर हंगामा कर रहे थे और अपनी गाड़ी को सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर दिया था। इससे आम लोगों के आवागमन में भी परेशानी हो रही थी।

दरअसल, 5 अक्टूबर को थाना उद्योग विहार पुलिस को सूचना मिली थी कि फेज-3 में रोल्टा कंपनी के पास दो युवक शराब के नशे में आपस में हंगामा और गाली-गलौज कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को काबू कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय पर्व लोहिया, निवासी पालम विहार एक्सटेंशन, धर्म कॉलोनी, गुरुग्राम और 26 वर्षीय अवतार लोहिया, निवासी आदर्श कॉलोनी, सेक्टर-20, डूंडाहेड़ा, गुरुग्राम के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी एंबियंस मॉल में बाउंसर की नौकरी करते हैं। आरोप है कि शराब के नशे में दोनों सार्वजनिक स्थान पर हंगामा और गाली-गलौज कर रहे थे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने अपनी गाड़ी सड़क के बीच में खड़ी कर दी थी, जिससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को काबू करने के साथ ही उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक गाड़ी भी बरामद कर नियमानुसार कब्जे में ली है। दोनों आरोपियों को मामले की जांच में शामिल किया गया है।

फिलहाल थाना उद्योग विहार पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हंगामे के दौरान दोनों आरोपियों ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ कोई अभद्रता या कानून-व्यवस्था से जुड़ी दूसरी हरकत तो नहीं की।