Gurugram- गुरुग्राम में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत गुरुग्राम यातायात पुलिस ने एक ऐसी मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया है, जिस पर कुल 80 चालान लंबित पाए गए। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 2 लाख 60 हजार रुपये है।
दरअसल, 6 अक्टूबर को अग्रसेन चौक के जोनल अधिकारी ASI प्रीतम अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका और चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने को कहा। हालांकि, चालक कोई भी आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर पाया।
इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल के रिकॉर्ड की जांच की तो सामने आया कि वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत कुल 80 चालान लंबित हैं। इन चालानों की कुल जुर्माना राशि 2 लाख 60 हजार रुपये है। इनमें ज्यादातर चालान बिना हेलमेट, बिना पॉल्यूशन और बिना नंबर प्लेट समेत यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े हुए हैं।
लंबित चालानों की संख्या और जुर्माना राशि सामने आने के बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें। इनमें वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक कागजात शामिल हैं। साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों से अपने लंबित चालानों का समय पर भुगतान करने की अपील की है, ताकि कार्रवाई से बचने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।






