Gurugram- संपत्ति कर की बकाया राशि की वसूली को लेकर नगर निगम गुरुग्राम ने बकायेदार संपत्ति मालिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को नगर निगम की प्रवर्तन टीमों ने जोन-5 और जोन-6 में संपत्ति कर का भुगतान नहीं करने वाली चार संपत्तियों को सील कर दिया।नगर निगम के रिकॉर्ड के मुताबिक, इन चारों संपत्तियों पर कुल 1 करोड़ 51 लाख 64 हजार 104 रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया था। कार्रवाई के तहत जोन-5 में दो और जोन-6 में दो संपत्तियों को सील किया गया।
Article image
जोन-5 में सिकोम लिमिटेड, सेक्टर-16 की संपत्ति पर 83 लाख 56 हजार 982 रुपये और टेकप्रो सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड, जेएमडी पैसिफिक स्क्वायर, सेक्टर-16 पर 37 लाख 59 हजार 951 रुपये का संपत्ति कर बकाया था। दोनों संपत्तियों को निगम की टीम ने सील कर दिया।
Article image
वहीं, जोन-6 में साईएक्सपो ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड की सेक्टर-61 स्थित दो संपत्तियों पर कार्रवाई की गई। सेंटर वन स्थित एसएफ-27 पर 15 लाख 15 हजार 723 रुपये और एफएफ-18 पर 15 लाख 31 हजार 448 रुपये का संपत्ति कर बकाया था। दोनों संपत्तियों को भी सील कर दिया गया।
Article image
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया के निर्देश पर बकायेदारों को नियमानुसार कार्रवाई से पहले बकाया राशि जमा कराने के लिए कहा जा रहा है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर निगम की ओर से आगे भी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने सभी संपत्ति मालिकों से समय पर संपत्ति कर जमा करने और अपनी संपत्ति से जुड़े टैक्स रिकॉर्ड व बकाया राशि की नियमित जांच करने की अपील की है। 
Article image
निगम के मुताबिक, संपत्ति कर से मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल शहर की सफाई, सड़कों, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाता है।