BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Political/गुरुग्राम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम
property

गुरुग्राम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

SM

Sahil Manchanda

Published on Oct 2, 2026 • 3 min read

गुरुग्राम में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम

Gurugram- कमान सराय स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विचारों और योगदान को याद किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहरी पंकज डावर ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके जीवन से जुड़े विचारों को साझा किया।


पंकज डावर ने कहा कि 2 अक्टूबर भारतीय इतिहास का बेहद महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन देश के दो महान नेताओं महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जन्म हुआ था। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने नेतृत्व और सादगी से देश के सामने एक मिसाल कायम की।


पंकज डावर ने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और सेवा का प्रतीक रहा। गांधी जी ने यह संदेश दिया कि बड़े से बड़े संघर्ष को भी अहिंसा के रास्ते पर चलकर लड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में गांधी जी के विचारों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने समाज में भाईचारे, समानता और स्वच्छता का संदेश दिया था। जरूरत है कि उनकी सोच और विचारों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाया जाए और उनके बताए रास्ते को अपने जीवन में अपनाया जाए।

property


लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए पंकज डावर ने कहा कि वह ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल थे। प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए भी उन्होंने सादगीपूर्ण जीवन जिया और अपने पद का कभी दुरुपयोग नहीं किया।

उन्होंने कहा कि 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान शास्त्री जी ने देश का नेतृत्व किया और उनके नेतृत्व में भारत ने मजबूती के साथ जवाब दिया। इसके साथ ही देश में कृषि और खाद्य उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी गति मिली। उनका दिया हुआ ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा आज भी देशवासियों के बीच याद किया जाता है।


पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों से प्रेरणा लेती रही है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को दोनों महापुरुषों के जीवन और संघर्ष से सीख लेनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पंकज डावर ने भाजपा सरकार पर भी राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गांधी जी के नाम पर केवल दिखावा कर रही है, जबकि उसके कार्य गांधी जी के विचारों के विपरीत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज सत्य, अहिंसा, भाईचारे और समानता के रास्ते पर आगे बढ़े।

Tags:GurgaonGurugramGurugramGurugramnewsHaryanaCongressCongresspartyGandhijayantiMahatmagandhiLalbahadurshastri
property

More from Political