Gurugram- गुरुग्राम में नशा तस्करी और लूट की साजिश के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के चौथे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, चौथा आरोपी मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ उपलब्ध कराता था। इस मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी थी, जबकि एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम MDMA, एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया है।

**लूट की साजिश की सूचना पर पुलिस ने की थी नाकाबंदी**

गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को 9 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद व्यक्ति लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नंगली उमरपुर से सेक्टर-62 की ओर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की।

रात करीब 11 बजे पुलिस को एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक भगाने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें घेर लिया। इस दौरान आरोपियों ने लगातार गोलियां चलाईं। एक गोली पुलिस वाहन पर लगी, जबकि दूसरी गोली पुलिसकर्मी की बाजू में लगी।

इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने तीनों को मौके पर काबू कर लिया। घायल आरोपियों और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कुल 9 गोलियां चलीं। इनमें 6 गोलियां आरोपियों ने चलाईं, जबकि पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में 3 गोलियां चलाईं। इस दौरान पुलिस वाहन भी गोली लगने से क्षतिग्रस्त हुआ और एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 136 ग्राम MDMA मादक पदार्थ, एक पिस्टल, एक देसी कट्टा और एक खाली खोल बरामद किया।

पुलिस ने गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों की पहचान मार्फत उर्फ मारू, उम्र 32 वर्ष, फूल बाबू शेख, उम्र 26 वर्ष और श्रीकुल शेख, उम्र 37 वर्ष के रूप में की है। तीनों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में इनाम घोषित था। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में मार्फत उर्फ मारू के खिलाफ लड़ाई-झगड़े, चोरी, जाली करेंसी रखने और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल चार मामले सामने आए हैं। फूल बाबू शेख के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो और श्रीकुल शेख के खिलाफ इसी एक्ट का एक मामला दर्ज है।
अस्पताल से उपचार के बाद 11 अक्टूबर को डिस्चार्ज होने पर तीनों आरोपियों को मामले में नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।

**नशा सप्लाई करने वाला चौथा आरोपी भी गिरफ्तार**

तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस को उनके नशा सप्लायर साथी के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने 11 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-62, गुरुग्राम से चौथे आरोपी कबीर को गिरफ्तार किया। कबीर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बाली का निवासी है। पुलिस के अनुसार, वह मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ उपलब्ध कराने में शामिल था।

**19 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर आरोपी**

पुलिस ने आरोपी मार्फत उर्फ मारू को अदालत से 19 अक्टूबर 2026 तक पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ कर मामले में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।