Gurugram- सेक्टर-52 स्थित आरडी सिटी में मकान से लाखों रुपये की नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 17 लाख 30 हजार रुपये नकद, सोना पिघलाने का सामान और चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं।
दरअसल, 24 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना सेक्टर-53 में शिकायत दी थी कि आरडी सिटी स्थित उसके मकान से अज्ञात व्यक्ति नकदी, आभूषण और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने तकनीकी इनपुट और पुलिस की कार्यप्रणाली के आधार पर चार आरोपियों को 20 सितंबर को सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड के नजदीक से गिरफ्तार किया।
आरोपियों की पहचान शेख मोमरेज, शेख रहीम अली, कौसर खान उर्फ बिट्टू खान और सजन उर्फ कालू के रूप में हुई है। चारों आरोपी मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और फिलहाल दिल्ली में रह रहे थे।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी से पहले मकान की रेकी की थी। मौका देखकर मकान का ताला तोड़कर उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचने के लिए आरोपियों ने उन्हें पिघला दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17 लाख 30 हजार रुपये नकद, एक गैस सिलेंडर, दो कटोरीनुमा क्रूसिबल, सोना पिघलाने में इस्तेमाल होने वाला सुहागा, एक पेचकस, एक कटर और पांच मास्टर चाबियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड है। शेख मोमरेज के खिलाफ दिल्ली में हत्या के प्रयास, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं। शेख रहीम अली के खिलाफ दो, कौसर खान के खिलाफ तीन और सजन उर्फ कालू के खिलाफ चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत छह मामले दर्ज पाए गए हैं।
चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर आठ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस अब पूछताछ के आधार पर चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इस तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।






