BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/City/गुरुग्राम में 30 डेज चैलेंज, 100 सड़कों का होगा कायाकल्प
property

गुरुग्राम में 30 डेज चैलेंज, 100 सड़कों का होगा कायाकल्प

SM

Sahil Manchanda

Published on Oct 8, 2026 • 4 min read

गुरुग्राम में 30 डेज चैलेंज, 100 सड़कों का होगा कायाकल्प

Gurugram- गुरुग्राम में सड़कों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 30 डेज चैलेंज शुरू किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने गुरुग्राम में अधिकारियों के साथ बैठक कर इस अभियान को शुरू करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जीएमडीए, नगर निगम गुरुग्राम और एचएसवीपी के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में राजेश खुल्लर ने शहर की खराब सड़कों की स्थिति में सुधार को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।


30 डेज चैलेंज के तहत गुरुग्राम की 100 खराब सड़कों की पहचान की जाएगी। इन सड़कों को अगले 30 दिनों में बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान में कम से कम 500 मीटर लंबी सड़कों को शामिल किया जाएगा। इन सड़कों पर सिर्फ पैचवर्क या सामान्य मरम्मत नहीं होगी, बल्कि प्रॉपर रिकॉर्पेटिंग, एंड-टू-एंड पेवमेंट, सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, लेन मार्किंग, फुटपाथ और साइनेज जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही सड़कों को अतिक्रमण और कचरे से मुक्त कराया जाएगा।


चिन्हित प्रत्येक सड़क पर एक सूचना बोर्ड लगाया जाएगा। इस बोर्ड पर क्यूआर कोड होगा, जिसके जरिए नागरिक सड़क से संबंधित कार्य, जिम्मेदार अधिकारी और विभाग तथा काम शुरू होने और पूरा होने की निर्धारित तारीख की जानकारी हासिल कर सकेंगे। 100 सड़कों में जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी के अधिकार क्षेत्र वाली सड़कें शामिल होंगी। अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए 7 नवंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।


बैठक में राजेश खुल्लर ने 24 घंटे चैलेंज अभियान शुरू करने के निर्देश भी दिए। इसके तहत नागरिक बड़े कचरा स्थलों, सड़कों पर बड़े गड्ढों, सीवरेज ओवरफ्लो, खराब स्ट्रीट लाइट और पेड़ों की छंटाई से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। शिकायत की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग को उसका समाधान 24, 48 या 72 घंटे के भीतर करना होगा।


अगर समीक्षा में शिकायत के समाधान में कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित कर्मचारी से वसूली करके शिकायतकर्ता को 5 हजार रुपये भुगतान करने का प्रावधान रखा जाएगा। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। नागरिक शिकायत के साथ फोटो और लोकेशन भी साझा कर सकेंगे।

property


शिकायत दर्ज कराने के दौरान नाम और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग बिना झिझक शहर की समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा सकें। राजेश खुल्लर ने गुरुग्राम में 10 आइकॉनिक रोड विकसित करने के भी निर्देश दिए हैं। इन सड़कों को बेहतर और व्यवस्थित बनाया जाएगा। इन क्षेत्रों में स्मोकिंग जोन निर्धारित किए जाएंगे, जबकि नो-स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए विशेष टीमें तैनात होंगी।


इन टीमों के सदस्य बॉडी कैमरा से लैस होंगे और जुर्माने की राशि ऑनलाइन वसूल की जाएगी। टीमों को नागरिकों के साथ शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरतमंद लोगों के लिए इन क्षेत्रों में व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रमुख स्थानों पर नियमों और जुर्माने से संबंधित सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा एमसीजी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर थूकने और च्यूइंग गम फेंकने पर भी जुर्माने का प्रावधान किया जाएगा।


गुरुग्राम में ‘हमारा 500 मीटर एरिया’ अभियान भी चलाया जाएगा। इसमें आरडब्ल्यूए, स्कूल, मार्केट एसोसिएशन और अन्य संस्थाओं एवं संगठनों को जोड़ा जाएगा। इन संस्थाओं के आसपास के 500 मीटर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने पर काम होगा। इसका उद्देश्य सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ नागरिकों और स्थानीय संगठनों की भागीदारी से बेहतर गुरुग्राम तैयार करना है। मुख्य प्रधान सचिव ने जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी अधिकारियों को साप्ताहिक स्कोर कार्ड तैयार करने के निर्देश दिए हैं।


हर शनिवार संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर सहित यह स्कोर कार्ड संयुक्त रूप से समाचार पत्रों में प्रकाशित कराया जाएगा। इससे सड़क सुधार, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति सार्वजनिक होगी और विभागों की जवाबदेही तय होगी। राजेश खुल्लर ने कहा कि 30 डेज चैलेंज, 24 घंटे चैलेंज, 10 आइकॉनिक रोड और हमारा 500 मीटर एरिया जैसे अभियानों के जरिए गुरुग्राम में सड़क सुधार, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों के बेहतर प्रबंधन पर एक साथ काम किया जाएगा। इन अभियानों में विभागीय समन्वय, नागरिक सहभागिता, डिजिटल मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्रवाई को प्रमुख आधार बनाया गया है।

Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaMCGDevelopmentRoadRoadrepairRoaddevelopmenf
property

More from City