Gurugram- धर्म कॉलोनी इलाके में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, महिला की उसके साथ रह रहे व्यक्ति ने कथित तौर पर डंडे, पाइप और बेलन से मारपीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 22 सितंबर 2026 की है। 

थाना पालम विहार पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्म कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान में एक महिला गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। महिला खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। पुलिस ने उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीन-ऑफ-क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम को मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, मकान मालिक ने शिकायत में बताया कि उसने अपना मकान किराए पर दिया हुआ था। 22 सितंबर को गली में शोर सुनकर वह बाहर आया तो उसने अपने किराएदार आकाश को महिला के साथ मारपीट करते देखा।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला के सिर पर चोट मारी और इसके बाद मौके से फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई।मकान मालिक की शिकायत के आधार पर थाना पालम विहार में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश, उम्र 33 वर्ष, निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश, वर्तमान निवासी धर्म कॉलोनी, गुरुग्राम को 22 सितंबर को धर्म कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गुरुग्राम में बस चालक के रूप में काम करता है। पुलिस के मुताबिक, मृतका उसकी पत्नी नहीं थी और दोनों वर्ष 2020 से लीव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद आकाश ने महिला के साथ डंडे, पाइप और बेलन से मारपीट की।
मारपीट में महिला को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए डंडा, पाइप और बेलन बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।आरोपी को 23 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया जाना है। फिलहाल मामले का जांच जारी है।