BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Social/नगर निगम सदन की बैठक में सफाई, सीवरेज और अतिक्रमण को लेकर बड़े फैसले
property

नगर निगम सदन की बैठक में सफाई, सीवरेज और अतिक्रमण को लेकर बड़े फैसले

SM

Sahil Manchanda

Published on Oct 1, 2026 • 2 min read

नगर निगम सदन की बैठक में सफाई, सीवरेज और अतिक्रमण को लेकर बड़े फैसले

Gurugram- मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को नगर निगम गुरुग्राम सदन की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, सीवरेज सिस्टम, सार्वजनिक भूमि के संरक्षण और अतिक्रमण हटाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।


बैठक में वार्ड-27 के पार्षद आशीष गुप्ता को वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) का सदस्य निर्विरोध चुना गया। उनके चयन पर मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर, निगमायुक्त और पार्षदों ने उन्हें बधाई दी।


हर वार्ड में 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 50 सफाई कर्मचारी

सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सदन ने प्रत्येक वार्ड में 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 50 सफाई कर्मचारियों की तैनाती के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इससे नियमित सफाई के अलावा अतिरिक्त कचरा उठाने, विशेष सफाई अभियान चलाने और जरूरत के अनुसार तत्काल सफाई कार्य कराने में मदद मिलेगी।


272 एकड़ जमीन से हटेगा अतिक्रमण

वार्ड-21 की करीब 272 एकड़ जमीन की डिमार्केशन कराने का निर्णय लिया गया। डिमार्केशन के बाद जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाकर इसे नगर निगम के अधिपत्य में लेने की कार्रवाई की जाएगी। जमीन की सुरक्षा के लिए चारदीवारी बनाने का भी फैसला लिया गया है।


property

सीवरेज के लिए बढ़ेगी मशीनरी

सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक दो वार्डों पर एक सुपर सकर मशीन और हर वार्ड में एक जैटिंग मशीन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इससे सीवर लाइनों की सफाई, गाद और अवरोध हटाने तथा सीवरेज संबंधी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई हो सकेगी।


आरओडब्ल्यू से हटेगा अतिक्रमण

बैठक में निगम क्षेत्र के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) को भी अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर दिया गया। सार्वजनिक आवागमन और सड़कों के लिए निर्धारित आरओडब्ल्यू से अतिक्रमण हटाने से यातायात और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य गुरुग्राम के नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त संसाधन और कर्मचारियों की तैनाती को महत्वपूर्ण कदम बताया।


निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सफाई, सीवरेज और सार्वजनिक भूमि से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त मानवबल, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और सीवरेज मशीनरी की उपलब्धता से जमीनी स्तर पर कार्रवाई की क्षमता बढ़ेगी।


बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, निगमायुक्त प्रदीप दहिया सहित नगर निगम के अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।

Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsMCGNagarnigamMunicipalcorporationMeeting
property

More from Social