Gurugram- गुरुग्राम में ड्यूटी पर तैनात CISF की महिला कर्मी को परेशान करने, उसका मोबाइल फोन छीनने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो राजस्थान के करौली जिले का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, CISF की महिला कर्मी ने थाना मेट्रो, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि मनीष नाम का व्यक्ति काफी समय से उसका पीछा कर रहा था और उसे परेशान कर रहा था।

महिला कर्मी के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 को मनीष इफको चौक मेट्रो स्टेशन स्थित उसकी ड्यूटी पोस्ट पर पहुंचा। आरोप है कि वहां उसने जबरन महिला कर्मी का मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया। शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी उसे और उसके परिवार को धमकियां दे रहा था।

शिकायत के आधार पर थाना मेट्रो, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 अक्टूबर 2026 को गुरुग्राम से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष कुमार, निवासी गांव बासिया गढ़, मढ़ौरा जमूरा, जिला करौली, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम में पहले भी छेड़छाड़ और गाड़ी में तोड़फोड़ से संबंधित मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है और मामले का अनुसंधान जारी है।