Gurugram- गुरुग्राम में घरेलू गैस सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिकअप गाड़ी और 104 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, 19 और 20 सितंबर की रात अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को सूचना मिली थी कि एक पिकअप गाड़ी में बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर रखे हुए हैं और इन सिलेंडरों को कथित तौर पर अवैध तरीके से ब्लैक में बेचा जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव नवादा पहुंची। यहां बताए गए स्थान पर एक पिकअप गाड़ी खड़ी मिली। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर रखे हुए पाए गए। उस समय पिकअप का मालिक और चालक मौके पर मौजूद नहीं थे।इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और 21 सितंबर 2026 को पिकअप के मालिक और चालक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार, निवासी नवादा फतेहपुर, गुरुग्राम और हजारीलाल स्वामी, निवासी ढाणी मलियान गोछन, जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से कालाबाजारी के लिए रखे गए 104 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इसके बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जितेंद्र कुमार पिकअप गाड़ी का मालिक है, जबकि हजारीलाल स्वामी उसका चालक है। पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र कुमार कथित तौर पर हजारीलाल के जरिए राजस्थान से कम कीमत पर गैस सिलेंडर लाता था और फिर नवादा तथा आसपास के इलाकों में रहने वाले किरायेदारों को अधिक कीमत पर बेचता था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सिलेंडरों की सप्लाई कहां से हो रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।






