Gurugram- गुरुग्राम में 12 और 13 साल के गुमशुदा भाई-बहन को पुलिस ने करीब 18 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलवा दिया। बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमों ने इलाके में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया और 30 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

मामला थाना सेक्टर-10 क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मूल निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-10 में शिकायत दी थी कि उसके 12 और 13 वर्षीय बच्चे लापता हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी।

बच्चों की तलाश के लिए थाना सेक्टर-10 पुलिस और मिसिंग पर्सन सेल पश्चिम, गुरुग्राम की टीमों को लगाया गया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर तलाश करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और करीब 30 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज चेक की।

पुलिस की लगातार कोशिशों का नतीजा रहा कि 26 सितंबर को महज 18 घंटे के भीतर दोनों बच्चों को सेक्टर-37 स्थित शनि मंदिर से सकुशल ढूंढ लिया गया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर उन्हें बच्चों के मिलने की सूचना दी।पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि दोनों बच्चे मां के डांटने से नाराज होकर घर से चले गए थे। घर वापस नहीं लौटने के बाद उन्होंने रात एक पार्क में बिताई और इसके बाद पास ही स्थित शनि मंदिर, सेक्टर-37 चले गए थे।

पुलिस टीम ने आवश्यक पूछताछ के बाद बच्चों की CWC के माध्यम से काउंसलिंग करवाई और सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।

गुरुग्राम पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए रखें। यदि कोई बच्चा गुम हो जाता है या कोई भटका हुआ बच्चा मिलता है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या चौकी में सूचना दें अथवा डायल-112 पर संपर्क करें।गुरुग्राम पुलिस ने कहा है कि वह नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए 24×7 तत्पर है।