Gurugram- गुरुग्राम के सोहना एलिवेटेड रोड पर भोंडसी मोड़ के पास शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संदिग्ध युवकों को रोकने की कोशिश कर रही स्पेशल टास्क फोर्स यानी STF की टीम पर हमला कर दिया गया। तीन अलग-अलग गाड़ियों में सवार करीब 10 से 12 युवकों ने पहले STF की सरकारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद पुलिस टीम के साथ मारपीट करते हुए सरकारी वाहन के शीशे तोड़ दिए। आरोप है कि बदमाशों ने STF टीम पर फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए। इस हमले में STF के दो जवान घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, STF की सेंट्रल यूनिट में तैनात PSI राजकुमार ने इस संबंध में भोंडसी थाना पुलिस को शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार, शनिवार रात STF टीम को सूचना मिली थी कि एक नामी बदमाश गुरुग्राम की तरफ से सोहना एलिवेटेड हाईवे होते हुए भोंडसी की ओर आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए STF की टीम ने शनिवार रात करीब साढ़े 9 बजे भोंडसी कट के पास विशेष नाकेबंदी की।
करीब 10 बजे तीन अलग-अलग कारों में 10 से 12 युवक वहां पहुंचे। STF टीम ने जब संदिग्ध युवकों और उनकी गाड़ियों को रोकने का इशारा किया, तो आरोपियों ने रुकने के बजाय गाड़ियों की रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद उन्होंने नाके पर खड़ी STF की सरकारी गाड़ी को सीधी जोरदार टक्कर मार दी।
आरोप है कि टक्कर मारने के बाद गाड़ियों से युवक नीचे उतरे और STF टीम पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पुलिस की सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसके शीशे तक तोड़ दिए। इसके बाद आरोपियों ने STF टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि पुलिसकर्मी गोली लगने से बाल-बाल बच गए।
बताया जा रहा है कि STF टीम ने भी अपनी सुरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी गाड़ियों समेत मौके से फरार हो गए। हमले में STF के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सोहना के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना तुरंत भोंडसी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही तकनीकी सर्विलांस की मदद से वारदात में शामिल गाड़ियों और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान होते ही उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि तीनों गाड़ियों में कौन-कौन लोग सवार थे और क्या उनका संबंध किसी आपराधिक गिरोह या वांछित बदमाश से है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मौके से जुटाए गए अन्य सबूतों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। STF टीम पर हुए इस हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।






