Gurugram- यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के दौरान मारुति कुंज टी-प्वाइंट पर जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर 1 लाख 25 हजार 560 रुपये की जुर्माना राशि वाले 21 लंबित चालान पाए गए। जानकारी के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 को जोनल अधिकारी मारुति कुंज टी-प्वाइंट और एएसआई रामप्रकाश अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे।

इसी दौरान पुलिस टीम ने एक मोटरसाइकिल को रुकवाकर चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज दिखाने के लिए कहा। चालक जांच के दौरान कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने वाहन के रिकॉर्ड की जांच की तो सामने आया कि मोटरसाइकिल के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 21 चालान लंबित हैं। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि 1,25,560 रुपये बताई गई है।

जांच में यह भी सामने आया कि लंबित चालानों में अधिकांश चालान बिना वैध प्रदूषण प्रमाण-पत्र और बिना इंश्योरेंस से संबंधित हैं। इसके अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े अन्य चालान भी वाहन पर लंबित पाए गए। इतने बड़ी संख्या में लंबित चालान पाए जाने के बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया। बाइक को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया है।

गुरुग्राम यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सड़क पर वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहन के जरूरी दस्तावेज हमेशा अपडेट रखें। पुलिस ने खास तौर पर वाहन चालकों से वैध इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज दुरुस्त रखने के साथ-साथ लंबित चालानों का समय पर भुगतान करने की अपील की है।

यातायात पुलिस का कहना है कि नियमों का पालन न केवल चालान और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए जरूरी है, बल्कि वाहन चालक और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है।