Gurugram- गुरुग्राम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस जोन दक्षिण की ओर से सितंबर 2026 में कुल 3,892 चालान किए गए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने पर 253 वाहनों को इम्पाउंड किया गया। इसके अलावा, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए 362 चालान किए गए।
पुलिस के अनुसार, थाना भोंडसी क्षेत्र में 356 चालान किए गए और 31 वाहन इम्पाउंड किए गए। थाना बादशाहपुर में 1,129 चालान और 40 वाहन इम्पाउंड किए गए। वहीं, थाना सेक्टर-65 में 1,025 चालान किए गए और 21 वाहनों को इम्पाउंड किया गया। इसी तरह, थाना सिटी सोहना क्षेत्र में 944 चालान किए गए और 72 वाहन इम्पाउंड हुए, जबकि थाना सदर सोहना क्षेत्र में 438 चालान करने के साथ 89 वाहनों को इम्पाउंड किया गया।
गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों पर निर्धारित नंबर प्लेट लगाकर ही सड़क पर निकलें। पुलिस का कहना है कि नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है और इससे दूसरे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।






