Gurugram- खांडसा अनाज मंडी में रिश्वतखोरी के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी गुरुग्राम की टीम ने शनिवार दोपहर ट्रैप लगाकर मार्केट कमेटी के सहायक सचिव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखबीर सिंह के रूप में हुई है। एसीबी के मुताबिक, खांडसा मंडी के एक दुकानदार ने शिकायत दी थी कि दुकान लगाने की अनुमति के एवज में सहायक सचिव उससे हर महीने 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप था कि रकम देने से इनकार करने पर उसे लगातार परेशान किया जा रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने रिश्वतखोरी पकड़ने के लिए जाल बिछाया। शनिवार दोपहर जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रकम ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
एसीबी की एसपी ममता खरब के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम स्थित एसीबी थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच आगे जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सुखबीर सिंह को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। एसीबी का कहना है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






