Gurugram- गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाली एक मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया है। जांच के दौरान इस बाइक पर कुल 53 लंबित चालान मिले, जिनकी जुर्माना राशि 3 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। बाइक चालक जांच के दौरान वाहन के जरूरी दस्तावेज भी पेश नहीं कर पाया।

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को पास्को रेड लाइट पर जोनल अधिकारी एएसआई रामकिशन अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रुकवाकर चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे, लेकिन चालक कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद वाहन के लंबित चालानों की जांच की गई, जिसमें कुल 53 चालान सामने आए। इन सभी चालानों की जुर्माना राशि 3,31,500 रुपये थी। पुलिस के मुताबिक, लंबित चालानों में अधिकांश चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध प्रदूषण प्रमाण-पत्र नहीं होने, नंबर प्लेट से संबंधित उल्लंघनों और यातायात के अन्य नियमों की अनदेखी से जुड़े थे।

पुलिस का कहना है कि लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही वाहन चालकों को उनके लंबित चालानों की जानकारी देकर समय पर भुगतान करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपनी नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें। नंबर प्लेट में किसी भी तरह की छेड़छाड़ न करें। इसके अलावा वाहन का वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें।

पुलिस के अनुसार, यातायात नियमों का पालन करना न केवल वाहन चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।