
इस बस को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य भारत स्काउट्स एंड गाइड के उद्देश्यों, गतिविधियों और सामाजिक योगदान के प्रति लोगों को जागरूक करना है। बस के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों तक संगठन के संदेश को पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़कर सामाजिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी निभा सकें।

कार्यक्रम के दौरान भारत स्काउट्स एंड गाइड के चीफ नेशनल कमिश्नर के.के. खंडेलवाल ने कहा कि संगठन का दायरा लगातार बढ़ रहा है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। स्काउट्स एंड गाइड केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखता, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए भी तैयार करता है।

उन्होंने कहा कि संगठन की विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और समाज सेवा जैसे गुण विकसित किए जाते हैं। ये गुण विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में मदद करते हैं। स्काउट्स एंड गाइड युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने के लिए भी प्रेरित करता है।

खंडेलवाल ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी बेहद जरूरी है। ऐसे में स्काउट्स एंड गाइड की गतिविधियां बच्चों को व्यवहारिक अनुभव प्रदान करती हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बस के माध्यम से संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। इससे स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को संगठन के बारे में जानकारी मिलेगी और वे इससे जुड़ने के लिए प्रोत्साहित होंगे। इस पहल के जरिए युवाओं को सामाजिक कार्यों, जनसेवा और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर भी मिलेगा।







