Gurugram- गुरुग्राम में सोशल मीडिया के जरिए इटली मूल की एक महिला से दोस्ती कर शादी का झांसा देने और AI वीडियो बनाने के नाम पर करीब 98 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम वेस्ट थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, इटली मूल की महिला की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए गुरुग्राम निवासी अखिल मौर्या से जान-पहचान हुई थी। आरोपी ने खुद को AI फिल्म क्रिएटर बताया और महिला से दोस्ती करने के बाद उसे शादी का झांसा दिया। इसके साथ ही आरोपी ने AI वीडियो बनाने के काम के लिए पैसों की जरूरत बताकर महिला से रकम मांगी।
महिला ने आरोपी की बातों पर भरोसा करते हुए Western Union के माध्यम से दो बार में कुल 900 यूरो भेज दिए। पहली बार 4 अगस्त 2026 को 450 यूरो और दूसरी बार 10 सितंबर 2026 को 450 यूरो ट्रांसफर किए गए। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 98 हजार रुपये थी।
इसके बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ। जुलाई 2026 में उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से गुरुग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त, साइबर क्राइम, गौरव फोगाट से संपर्क किया। इसके बाद महिला 28 सितंबर 2026 को इटली से गुरुग्राम पहुंची और एसीपी साइबर क्राइम से मुलाकात कर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम वेस्ट थाना गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी की पहचान अखिल के रूप में की। 36 वर्षीय आरोपी मूल रूप से गांव बहादुरपुर, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-17, सुखराली में रह रहा था। पुलिस ने 1 अक्टूबर 2026 को उसे सेक्टर-17 गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले एक निजी कंपनी में टेक्निकल सपोर्ट का काम करता था। जुलाई 2025 में नौकरी छूटने के बाद वह बेरोजगार हो गया था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने रुपयों के लालच में इटली की महिला से इंस्टाग्राम के जरिए संपर्क किया और शादी का झांसा देकर तथा AI वीडियो बनाने के काम में इस्तेमाल करने की बात कहकर उससे रकम ट्रांसफर करवाई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला से रकम Western Union के जरिए मंगवाई थी। इसके बाद गुरुग्राम में Muthoot Finance के माध्यम से रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई। बैंक चार्ज काटने के बाद आरोपी के खाते में 67,297 रुपये प्राप्त हुए थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
इस मामले में खास बात यह रही कि पीड़िता खुद इटली से गुरुग्राम पहुंची और उसने गुरुग्राम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशील व्यवहार और पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का धन्यवाद किया।






