Gurugram- फर्रूखनगर इलाके में स्थित श्याम बाबा मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए तीन चांदी के छत्र बरामद किए गए हैं।मामला गांव झांझरोला खेड़ा स्थित श्याम बाबा मंदिर का है। पुलिस के मुताबिक, 20 और 21 सितंबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मंदिर से चांदी के छत्र चोरी होने के बाद मामले की शिकायत 21 सितंबर को थाना फर्रूखनगर में दी गई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा फर्रूखनगर की टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 सितंबर को झांझरोला खेड़ा मोड़ से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय अमित कुमार, निवासी गांव कालियावास, गुरुग्राम के रूप में हुई है।पुलिस पूछताछ में आरोपी के बारे में सामने आया कि वह पहले एक कंपनी में काम करता था, लेकिन उसकी नौकरी छूट गई थी। पुलिस के अनुसार, नौकरी जाने के बाद वह परेशान रहने लगा और इसी परेशानी के दौरान उसने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए तीन चांदी के छत्र बरामद कर लिए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में चोरी की वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामला अनुसंधानाधीन है।






