Gurugram- गुरुग्राम में नौकरी दिलाने के बहाने युवती को बुलाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित तौर पर युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की पहचान इंटरनेट के माध्यम से अदनान खान से हुई थी। इसके बाद दोनों की मुलाकात लखनऊ में आयोजित एक मूक-बधिर कार्यक्रम के दौरान हुई। आरोपी ने पीड़िता को गुरुग्राम में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और उसे गुरुग्राम बुलाया।

पीड़िता के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को वह गुरुग्राम पहुंची। इसके बाद आरोपी उसे अपने कमरे पर ले गया। आरोप है कि आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने उसे अपने साथ रखने का भरोसा दिया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पीड़िता ने सबसे पहले थाना हजरतगंज, लखनऊ में Zero FIR दर्ज कराई थी। यह Zero FIR और संबंधित दस्तावेज 24 सितंबर 2026 को गुरुग्राम के थाना सेक्टर-17/18 पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए।

चूंकि घटना गुरुग्राम में हुई थी, इसलिए संबंधित धाराओं के तहत थाना सेक्टर-17/18, गुरुग्राम में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी और पीड़िता दोनों मूक-बधिर हैं। दोनों की पहचान Instagram के जरिए हुई थी और बाद में लखनऊ में आयोजित मूक-बधिर कार्यक्रम में उनकी मुलाकात हुई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी अदनान खान, उम्र 29 वर्ष, 12वीं पास, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। आरोपी वर्ष 2023 से गुरुग्राम के एक निजी होटल में काम कर रहा है। पुलिस जांच में आरोप है कि आरोपी ने फरवरी 2026 में पीड़िता को गुरुग्राम में नौकरी दिलाने के बहाने बुलाया और फिर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-17/18 गुरुग्राम की पुलिस टीम ने आरोपी अदनान खान को 8 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-18 गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को 8 अक्टूबर को ही अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।