Home/Political/गुरुग्राम में अवैध निर्माण पर MCG का बुलडोजर, कई भवन सील और 180 से ज्यादा रैंप ध्वस्त
गुरुग्राम में अवैध निर्माण पर MCG का बुलडोजर, कई भवन सील और 180 से ज्यादा रैंप ध्वस्त
SM
Sahil Manchanda
Published on Sep 21, 2026 • 3 min read
गुरुग्राम में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ MCG की बड़ी कार्रवाई। न्यू कॉलोनी में व्यावसायिक भवन ध्वस्त, कई भवन सील और अलग-अलग इलाकों रैंप तोड़े गए
Gurugram- गुरुग्राम में अवैध और अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को निगम की अलग-अलग इंफोर्समेंट टीमों ने शहर के कई इलाकों में एक साथ अभियान चलाया। इस दौरान कई भवनों को सील किया गया, एक बड़े व्यावसायिक भवन को जमींदोज किया गया और सड़क क्षेत्र में बनाए गए 180 से अधिक रैंप तोड़े गए।नगर निगम की टीमों ने कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को भी हटाया।
न्यू कॉलोनी सर्कुलर रोड पर सहायक अभियंता आरके मोगिया के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम ने कार्रवाई की। टीम ने अनाधिकृत रूप से बनाए गए एक बड़े व्यावसायिक भवन को जेसीबी की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।इसके अलावा न्यू कॉलोनी क्षेत्र में दो अन्य व्यावसायिक भवनों को सील किया गया। सड़क क्षेत्र में बनाए गए 80 से अधिक रैंप भी तोड़े गए।इसी कार्रवाई के दौरान टीम ने पटेल नगर और बर्फ खाना क्षेत्र में दो भवनों को भी सील किया
सहायक अभियंता सुनील लाठर के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम ने धर्म कॉलोनी और अशोक विहार-3 में कार्रवाई की। यहां तीन भवनों को सील किया गया।इसके साथ ही अतुल कटारिया चौक रोड के आसपास किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। निगम की टीम ने सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए मौके पर कार्रवाई की।
वहीं, सहायक अभियंता हरिप्रकाश के नेतृत्व में टीम ने राजेंद्रा पार्क इलाके में कार्रवाई की। यहां सड़क क्षेत्र में बनाए गए 100 से अधिक रैंप तोड़े गए।इस तरह अलग-अलग क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीमों ने 180 से अधिक रैंप हटाए, जिससे सड़क और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त करने की दिशा में कार्रवाई की गई।
नगर निगम गुरुग्राम के निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि शहर में अवैध एवं अनाधिकृत निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।उन्होंने अधिकारियों और इंफोर्समेंट टीमों को निर्देश दिए कि अनाधिकृत निर्माण और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।निगमायुक्त ने कहा कि सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थान नागरिकों के आवागमन एवं सुविधा के लिए हैं। इन स्थानों पर अनधिकृत निर्माण या अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नगर निगम द्वारा शहर के अलग-अलग हिस्सों में नियमित निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। MCG के अनुसार, शहर को व्यवस्थित, अतिक्रमण मुक्त और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला बनाने की दिशा में इंफोर्समेंट अभियान आगे भी जारी रहेगा।