Gurugram- शहर में बेसहारा कुत्तों और खुले में घूमने वाले पशुओं के प्रबंधन को लेकर नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) की कार्रवाई लगातार जारी है। नागरिकों की सुरक्षा और पशु कल्याण को ध्यान में रखते हुए निगम की ओर से कुत्तों की नसबंदी व टीकाकरण के साथ खुले में घूमने वाले पशुओं को पकड़कर उनकी टैगिंग की जा रही है।


नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, 25 सितंबर तक 2,615 आवारा कुत्तों की नसबंदी और 7,028 का टीकाकरण किया जा चुका है। कई क्षेत्रों में कुत्तों के टीकाकरण और नसबंदी का 100 प्रतिशत लक्ष्य भी पूरा किया गया है। इनमें गांव कन्हई, वजीराबाद, सिलोखरा, सैनी खेड़ा, चक्करपुर, अशोक विहार फेज-1, 2 और 3 के अलावा सेक्टर-4, 5, 10, 10ए, 12, 12ए, 15 पार्ट-1 व 2, 27, 28, 30, 31, 38, 40, 41, 44, 45, 46, 47 और 52 शामिल हैं। निगम के अनुसार क्षेत्रवार अभियान का उद्देश्य आवारा कुत्तों की आबादी को नियंत्रित करने के साथ उनका टीकाकरण और स्वास्थ्य प्रबंधन सुनिश्चित करना है। इससे रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।


25 सितंबर तक 1,248 पशुओं को पकड़ा गया और सभी की टैगिंग की गई। टैगिंग के माध्यम से पशुओं की पहचान और रिकॉर्ड रखने में मदद मिलती है, जिससे उनके प्रबंधन और निगरानी की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। नगर निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण तथा आवारा पशुओं को पकडऩे और टैग करने का अभियान आगे भी क्षेत्रवार जारी रहेगा। निगम का लक्ष्य अधिक से अधिक क्षेत्रों को इस व्यवस्था के दायरे में लाकर शहर में व्यवस्थित पशु प्रबंधन सुनिश्चित करना है।