BreakingLoading breaking news...
Bolta Gurugram Logo
...
Home/Crime/गुरुग्राम में सड़क पुनर्निर्माण के दौरान हटेंगे अतिक्रमण, निगमायुक्त ने दिए निर्देश

गुरुग्राम में सड़क पुनर्निर्माण के दौरान हटेंगे अतिक्रमण, निगमायुक्त ने दिए निर्देश

SM

Sahil Manchanda

Published on Sep 21, 20263 min read

गुरुग्राम में सड़क पुनर्निर्माण के दौरान हटेंगे अतिक्रमण, निगमायुक्त ने दिए निर्देश
सड़क पुनर्निर्माण के दौरान अतिक्रमण हटाने के निर्देश। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और यातायात व्यवस्था बेहतर करने पर जोर दिया।
Gurugram- नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के पुनर्निर्माण के दौरान रास्ते में आने वाले सभी प्रकार के अतिक्रमण हटाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि सड़कों की उपलब्ध चौड़ाई बढ़े और स्थानीय निवासियों को बेहतर एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

निगमायुक्त ने ये निर्देश सोमवार को अपने कार्यालय में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर नगर निगम गुरुग्राम द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा सिटी एक्शन प्लान की समीक्षा के दौरान दिए। उन्होंने विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

*निर्माण कार्यों में प्रदूषण नियंत्रण उपायों पर गंभीरता से हो अमल*

निगमायुक्त ने कहा कि निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों के दौरान प्रदूषण नियंत्रण संबंधी सभी आवश्यक उपायों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निर्माण स्थलों पर धूल एवं अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए निर्धारित व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों से उत्पन्न होने वाले सीएंडडी वेस्ट को बसई स्थित प्लांट अथवा अधिकृत कलेक्शन सेंटरों तक पहुंचाया जाए। निर्माण एवं विध्वंस कचरे की अवैध डंपिंग को किसी भी स्थिति में प्रोत्साहित न किया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

*ईवी चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग स्टेशनों के कार्य में तेजी*

बैठक में बैटरी स्वैपिंग स्टेशन एवं ईवी चार्जिंग स्टेशन से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को नवंबर माह के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया।

*पार्किंग निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश*

बैठक के दौरान पार्किंग निर्माण से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को पार्किंग निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने तथा संबंधित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाने की हिदायत दी।उन्होंने कहा कि व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था से सड़क किनारे अनियोजित पार्किंग को कम करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।

*दो स्थानों पर ट्रैफिक डी-कंजेशन कार्य समयसीमा में पूरे करने के निर्देश*

शहर में यातायात दबाव कम करने के लिए दो स्थानों पर किए जाने वाले ट्रैफिक डी-कंजेशन कार्यों की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। एमसीजी द्वारा डीपीएसजी स्कूल पालम विहार के पास तथा खांडसा मंडी के पास डी-कंजेशन से संबंधित कार्य किए जाने हैं। अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि डीपीएसजी पालम विहार वाली सड़क को मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा।

*रोड स्वीपिंग और डस्ट फ्री रोड अभियान की भी समीक्षा*

बैठक में सेंट्रल वर्ज, रोड स्वीपिंग मशीन, वाटर स्प्रिंकलिंग, एंटी-स्मॉग गन, डस्ट फ्री रोड अभियान और डीप क्लीनिंग अभियान सहित प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने फील्ड स्तर पर इन उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी पर जोर दिया।
 
*समन्वित प्रयासों से बेहतर होगी शहर की व्यवस्था*

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सड़क विकास, अतिक्रमण हटाने, सीएंडडी वेस्ट के उचित प्रबंधन, धूल नियंत्रण, ट्रैफिक डी-कंजेशन और पर्यावरणीय उपायों को समन्वित तरीके से लागू करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुगम और बेहतर सड़क व्यवस्था के साथ प्रदूषण नियंत्रण के उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन एमसीजी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
Tags:GurgaonGurugramGurugramnewsHaryanaHaryananewsRoadIllegalconstructiondemoloitiondemolished

More from Crime