Gurugram- नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एचएसएनसीबी की गुरुग्राम यूनिट ने एक नाइजीरियन नागरिक को एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15.04 ग्राम MDMA बरामद किया गया है। आरोपी को सेक्टर-53 स्थित साई मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया।
एचएसएनसीबी यूनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर नवीन के मुताबिक, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक नाइजीरियन नागरिक अवैध रूप से एमडीएमए की सप्लाई करता है और फिलहाल सेक्टर-53 स्थित साई मंदिर के पास किसी व्यक्ति को नशीला पदार्थ देने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर एक व्यक्ति को काबू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम उडेह फ्रैंक पुत्र उडेह बताया। पुलिस के अनुसार आरोपी नाइजीरिया के लागोस राज्य के गांव एनुगु का रहने वाला है। नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट की जेब से सफेद रंग की प्लास्टिक थैली बरामद हुई।
प्लास्टिक थैली के अंदर एमडीएमए बरामद किया गया। डिजिटल कांटे से तौलने पर बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 15.04 ग्राम पाया गया। आरोपी से बरामद एमडीएमए के संबंध में किसी तरह का वैध लाइसेंस या परमिट भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इस मामले में थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब जांच टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसे एमडीएमए की सप्लाई कहां से मिलती थी, गुरुग्राम में उसके संपर्क कौन-कौन हैं और इस नशीले पदार्थ को किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
विदेशी नागरिक की गिरफ्तारी के बाद एचएसएनसीबी इस पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। जांच में आरोपी के भारत में ठहरने, उसकी गतिविधियों और नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एचएसएनसीबी के मुताबिक, सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले 9 सितंबर को भी एमडीएमए और एक्स्टेसी पिल्स की बरामदगी की कार्रवाई की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि इन कार्रवाइयों का उद्देश्य गुरुग्राम में सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई करने वाले नेटवर्क तक पहुंचना है।
एचएसएनसीबी ने आमजन से भी नशीले पदार्थों की बिक्री, सप्लाई या तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस या नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो को देने की अपील की है। इसके लिए 9050891508 या 1933 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी जा सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।






