Gurugram- भोंडसी इलाके में बच्चों को स्कूल से लेकर घर लौट रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट और उसकी कार में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने बाइक आगे लगाकर उसकी गाड़ी रुकवाई, लोहे की रॉड से कार में तोड़फोड़ की, उसके साथ मारपीट की और बच्चों के अपहरण की कोशिश की। मामले में भोंडसी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 9 अक्टूबर 2026 की है। शिकायतकर्ता अपने बच्चों को कार में लेकर रेयान एनक्लेव, भोंडसी स्थित अपने घर जा रहा था। इसी दौरान आस्था होम्स के पास कुछ लोगों ने बाइक उसकी कार के आगे लगा दी और उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने लोहे की रॉड से कार में तोड़फोड़ की और शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके बच्चों का अपहरण करने की कोशिश की और उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने भोंडसी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 अक्टूबर को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल राघव उर्फ चिंटू, उम्र 27 वर्ष, निवासी भोंडसी, गुरुग्राम के रूप में हुई है।






