Gurugram- हरियाणा सरकार से सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की पेंशन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए गुरुग्राम में 12 और 13 अक्टूबर को पेंशन अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन कार्यालय प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), हरियाणा, चंडीगढ़ के निर्देशानुसार किया जा रहा है। पेंशन अदालत का आयोजन पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, गुरुग्राम के कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा। दोनों दिन पेंशन अदालत सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी।
कोषाधिकारी नैंसी यादव ने बताया कि पेंशन अदालत में गुरुग्राम जिले से हरियाणा सरकार की सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारी अपनी पेंशन से संबंधित समस्याएं और शिकायतें रख सकते हैं। इसके अलावा हरियाणा सरकार के कार्यरत कर्मचारी, जो सामान्य भविष्य निधि (GPF) अंशदाता हैं, वे भी पेंशन एवं संबंधित मामलों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।
पेंशन संबंधी समस्या के समाधान के लिए पेंशन अदालत में पहुंचने वाले लोगों को अपने साथ पेंशन अदायगी आदेश (PPO), आधार कार्ड, बैंक पासबुक और समस्या से संबंधित अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर आने की अपील की गई है। प्रशासन के अनुसार, जरूरी दस्तावेज उपलब्ध होने से संबंधित पेंशन मामले की जांच और नियमानुसार समाधान करने में अधिकारियों को सुविधा होगी।
ऐसे में गुरुग्राम जिले के जिन पेंशनभोगियों या संबंधित कर्मचारियों को पेंशन से जुड़ी कोई समस्या है, वे 12 या 13 अक्टूबर को निर्धारित समय पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, गुरुग्राम में आयोजित पेंशन अदालत में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।l






