Gurugram- फर्रुखनगर टोल के पास हाईवे पर वाहन खराब होने से फंसे एक परिवार की गुरुग्राम पुलिस की ईआरवी-256 टीम ने समय पर मदद कर उन्हें सुरक्षित पहुंचाया। परिवार जींद से फरीदाबाद जा रहा था। अचानक वैगनआर कार में तकनीकी खराबी आने के कारण वाहन हाईवे पर ही रुक गया था।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर की रात परिवार ने मदद के लिए पुलिस को सूचना दी। हाईवे पर वाहन खराब होने के कारण परिवार असहाय स्थिति में था। सूचना मिलते ही ईआरवी-256 की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पहले परिवार के सभी सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित की और इसके बाद खराब वाहन को सुरक्षित तरीके से टो किया। पुलिस टीम वाहन को नजदीकी मैकेनिक की दुकान तक लेकर गई, जहां कार की मरम्मत कराई गई।
पुलिस की इस मदद से परिवार को तत्काल राहत मिली और हाईवे पर किसी अप्रिय स्थिति की आशंका भी टल गई। परिवार ने गुरुग्राम पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए आभार जताया। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस 24 घंटे तत्पर है।






